श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह अचानक मौसम बदला। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज धूल भरी आंधी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। जिससे दिन में अंधेरा छा गया और लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। आंधी के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। सुबह 9:10 बजे जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में आसमान घने बादलों से भर गया। धूल भरी आंधी का गुब्बार छा गया। 9:22 बजे पाकिस्तान की तरफ से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से धूल भरी आंधी आई। आंधी थमने के बाद कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। अनूपगढ़, जैतसर, रूपसर, श्रीकरणपुर, सादुलशहर और चूनावढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में भी आंधी का असर दिखा। मौसम विभाग ने जिलेभर में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम 25 डिग्री और अधिकतम 38 डिग्री था। शनिवार को न्यूनतम 25.4 डिग्री और अधिकतम 38 डिग्री रहा। रविवार को प्रदेश में श्रीगंगानगर जिला सबसे गर्म रहा।