भास्कर न्यूज | राजसमंद रक्षाबंधन का त्योहार आज मनाया जाएगा। पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को राजसमंद शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए जमकर भीड़ उमड़ी। सुबह से ही राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के लिए लोग पहुंचने लगे। राजनगर क्षेत्र, राजनगर रोड, सौ फीट रोड, जल चक्की तिराहा, पुराना बस स्टैंड, रामधुन गली, मिठाई वाली गली, पुरानी सब्जी मंडी, जेके मोड़, द्वारकेश चौराहा, मुखर्जी चौराहा और विवेकानंद चौराहा सहित प्रमुख बाजारों में राखी और मिठाइयों के स्टॉल सजे रहे। शाम तक बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। रक्षाबंधन पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ शक्कर के बढ़े दाम का असर भी बाजार में दिखाई दिया। मिठाई विक्रेताओं ने लागत बढ़ने के कारण कई मिठाइयों के भाव बढ़ाए हैं। ग्राहक मिठाई खरीदने से पहले भाव पूछते नजर आए। दुकानदारों के अनुसार कच्चे माल की कीमत बढ़ने से मिठाई की लागत बढ़ी है। मावे से दूरी, बेसन और ड्राई फ्रूट की ज्यादा मांग : गुरुवार को ग्राहकों ने मावे की मिठाइयों की तुलना में बेसन, ड्राई फ्रूट और सूखी मिठाइयों को ज्यादा पसंद किया। बेसन की बर्फी, ड्राई फ्रूट मिठाई और पैकिंग वाली मिठाइयों की दुकानों पर अधिक बिक्री हुई। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए अलग-अलग वैरायटी तैयार कर रखी थीं। बसें खचाखच, मायके जाने को बहनों की भीड़ : भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें गुरुवार को ही मायके रवाना हुईं। रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह से भीड़ रही। उदयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, पाली और जोधपुर की ओर जाने वाली बसें खचाखच भरी पहुंचीं। कई यात्रियों ने खड़े होकर सफर किया। कांकरोली बस स्टैंड पर भीड़ देखकर कई महिलाएं बस में चढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। राखी बांधने का शुभ मुहूर्त : पंडित जितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार शुक्रवार को अमृत चौघड़िया सुबह 6:19 से 11:02 बजे, शुभ चौघड़िया दोपहर 12:38 से 2:11 बजे और चर चौघड़िया शाम 5:20 से 6:55 बजे रहेगा। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा।