बूंदी की तालेड़ा थाना पुलिस ने एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए संगठित रूप से जुआ-सट्टा (छक्का दाना) खेलते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 19 सितंबर को की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30,030 रुपये नकद, एक कार और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जुआ ब्लू किंगडम वाटर पार्क के पास एक सार्वजनिक जगह पर खेला जा रहा था। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि संगठित सिंडिकेट बनाकर जुआ खेला जा रहा था। इस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) और राजस्थान सार्वजनिक जुआ अध्यादेश की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एडिशनल एसपी संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन, वृताधिकारी गंगासहाय शर्मा के सुपरविजन और थानाधिकारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर की। गिरफ्तार आरोपियों में कोटा के सुरेश बंजारा (43), धीरज शर्मा (27), इनायत खान (41), आशिक पठान (31), शाहरुख (27) और सोहेल खान (26) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।