मानव सेवा प्रकृति प्रेमी ग्रुप, सवाई माधोपुर की ओर से सामाजिक वानिकी के सामने आयोजित गणेश महोत्सव का सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। राजमल सैनी ने बताया कि गणेश विसर्जन के दूसरे दिवस संध्याकाल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में भगवान गणेश की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों एवं गीतों पर एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने बताया कि 12 दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान रोज विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जलेबी कूद, कुर्सी दौड़, गुब्बारा फुलाना, गुब्बारा फोड़ना, डांस एवं चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।