सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति के संयोजन में सोमवार को नेमिनाथ अतिशय क्षेत्र दीवानजी की नसियां, आलनपुर का वार्षिकोत्सव विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान नसियां भक्ति के रंग से सराबोर रही। कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सुबह जिनेंद्र देव के किए गए अभिषेक के साथ हुई। दोपहर में पं.आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन एवं समाज के गायक अजित बडजात्या सहित सुधा संगीत मंडली के भजनों के बीच अष्टद्रव्यों से भक्तामर मंडल विधान की भक्ति पूर्वक पूजा कर मंडल पर श्रीफलयुक्त 48 अर्घ्य समर्पित किए। इससे पूर्व मंडल प्रतिष्ठा, इंद्र प्रतिष्ठा आदि क्रियाएं कर मंगल कलशों व मंगल दीपक की स्थापना की गई। विधान पूजन से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे हुए थे। महिलाओं ने गाजे-बाजे से कलश यात्रा निकाली, जिसमें महिलाएं भजन गाती चल रही थी।उन्होंने बताया कि कलशयात्रा के बाद समाज अध्यक्ष अशोक बड़जात्या के संयोजन में मंत्रोचार के बीच जिनेंद्र भगवान का कलशाभिषेक व शांतीधारा कर विश्वशांति की कामना की गई। साथ ही श्रीजी की जयमाल हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं की तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नसिया भगवान नेमिनाथ के जयकारों से गूंज उठी। इस अवसर पर रमेश छाबड़ा, योगेंद्र पापड़ीवाल, नरेश कासलीवाल, प्रकाश गोधा, मुकेश कासलीवाल, मंजू पहाड़िया आदि मौजूद रहे।