भवन निर्माण ठेकेदार यूनियन बिल्डर्स एसोसिएशन ने सोमवार को आपसी सहयोग से राशि जुटाकर मृतक मजदूर संजय पापटान के परिवार को 1.31 लाख रुपए दिए। पदाधिकारियों ने बताया कि करीब एक माह पहले मजदूर संजय पापटान की मृत्यु हो गई थी। उनके परिवार में आय का अन्य साधन नहीं होने से परिजनों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया था। इसको देखते हुए एसोसिएशन ने परिवार की मदद का बीड़ा उठाया। एसोसिएशन अध्यक्ष भरतसिंह, उपाध्यक्ष नेतराम दानोदिया, कैलाश पारीक सहित अन्य पदाधिकारियों ने संजय की पत्नी को चेक व नकद राशि दी। सहयोग राशि सौंपने से पूर्व बिल्डर्स एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक में नेतराम दानोदिया, कैलाश पारीक, अशोक शर्मा और अलीशेर ने ठेकेदारों व मजदूरों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।