आईएफएमटी फंड से 10 नई टैक्सियां खरीदने का पत्र कलेक्टर को भेजा शहर को साफ-सुथरा बनाने और कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करने के लिए नगरपरिषद ने नया एक्शन प्लान तैयार कर उसे जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौतमचंद सिंघवी ने सफाई व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं, जिससे धूल फांक रही गाड़ियां अब फिर से सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी। दीपावली से पहले पूरे शहर को कचरा मुक्त करने के लक्ष्य के साथ कर्मचारियों की कमी दूर करने और कचरा उठाने वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ाने पर काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल शहर में घर-घर कचरा उठाने के लिए 25 टैक्सियां चल रही हैं, जिनमें 17 ठेके की और 8 नगर परिषद की अपनी है। टैक्सियों की कमी को देखते हुए आयुक्त ने आईएफएमटी फंड से करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से 10 नई टैक्सियां खरीदने के लिए कलेक्टर को पत्र भेजा है। इसके अलावा नगर परिषद के एसडीएफ फंड से भी 10 और टैक्सियां खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है। इन नई गाड़ियों के जुड़ने से शहर में कचरा कलेक्शन टैक्सियों की कुल संख्या बढ़कर 45 हो जाएगी, जिससे हर गली-मोहल्ले तक पहुंचना आसान होगा। इमरजेंसी के लिए स्पेशल क्विक रिस्पॉन्स टीम अचानक किसी इलाके से कचरा जमा होने की शिकायत आने पर एक टीम बनाई जा रही है। इस टीम में 1 ट्रैक्टर, 1 टैक्सी और 2 सफाई कर्मचारी शामिल रहेंगे। बड़ी सड़कों और चौड़े रास्तों के लिए ट्रैक्टर और संकरी गलियों के लिए टैक्सी का इस्तेमाल कर कचरे को तुरंत वहां से हटा दिया जाएगा। आदर्श स्टेडियम में लंबे समय से खड़े और धूल फांक रहे वाहनों को लेकर भी परिषद ने एक्शन लिया है। सड़कों के किनारे छोटे कचरा प्वाइंट हटेंगे, दीपावली तक स्वच्छ शहर का लक्ष्य शहर में सफाई कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए सभापति सिंघवी ने कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर नए सफाई कर्मियों को भर्ती करने का फैसला किया है। इसकी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर परिषद का प्रयास है कि त्योहारों के सीजन और दीपावली से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाए ताकि शहर के हर कोने की सफाई समय पर हो सके। अध्यक्ष ने सभी जमादारों और कर्मचारियों को हिदायत दी है कि सड़कों के किनारे जगह-जगह बन रहे छोटे-छोटे कचरा प्वाइंट को तुरंत साफ कर हटाया जाए। मुख्य रास्तों और सड़कों के किनारे गंदगी जमा होने से बीमारी और दुर्गंध का खतरा रहता है, जिस पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। सफाई की जानकारी पार्षद देंगे शहर में बेहतर मॉनिटरिंग के लिए 55 वार्डों को मिलाकर 11 सर्किल बनाए गए हैं, जिसमें प्रत्येक सर्किल में 5 वार्ड शामिल किए गए हैं। हर वार्ड में 4 से 5 सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। सफाई व्यवस्था पारदर्शी रहे इसके लिए संबंधित वार्ड के पार्षद को दैनिक रिपोर्ट देनी होगी। शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नई कार्यप्रणाली तैयार की है। जिसमें 5 वार्डों का एक सर्किल बनाया है तथा प्रत्येक वार्ड में होने वाली सफाई के संबंध में जमादार पार्षद को सूचित करेंगे। - गौतम चंद सिंघवी, सभापति, नगरपरिषद