बाड़मेर | बाड़मेर वृत में स्मार्ट मीटर लगाने के काम की प्रगति और लंबित कनेक्शनों को जल्दी पूरा करने की समीक्षा के लिए गुरुवार को अधीक्षण अभियंता ने जीनस मरूधरा कंपनी के साथ बैठक की। जोधपुर डिस्कॉम बाड़मेर के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार मीना ने कंपनी प्रतिनिधियों से जिले में करीब 645 नए कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लंबित होने पर जवाब मांगा। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि फर्म के पास पर्याप्त मैन पावर नहीं है। इसी वजह से नए कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार धीमी है। उन्होंने मैन पावर बढ़ाने के निर्देश दिए। लंबित काम जल्द पूरा करने को कहा। बैठक में पीएम सूर्यघर योजना के जिन कनेक्शनों पर नेट मीटर नहीं लगे हैं, उनकी प्रगति भी ली गई। इसे गंभीर मानते हुए कंपनी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में सभी लंबित कनेक्शनों पर नेट मीटर लगाना सुनिश्चित करें। मीना ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में देरी से उपभोक्ता बार-बार डिस्कॉम कार्यालय के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं। टीमें बढ़ाई जाएं। नए कनेक्शनों पर प्राथमिकता के आधार पर मीटर लगाए जाए।