बारां| शहर की ड्रेनेज व्यवस्था बदहाल है। कई नाले सालों से कचरे और गाद से ठसाठस हैं, वहीं अतिक्रमण के कारण कई जगह नालों की चौड़ाई भी सिकुड़ गई है। निकासी बाधित होने से बारिश में नालों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। मांगरोल रोड, गजनपुरा रोड, चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक और अस्पताल रोड पर हर मानसून में ऐसे हालात बनते हैं। मानसून से पहले सफाई औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। पूरी तरह सफाई नहीं होने से बारिश आते ही जलभराव के साथ दुर्गंध और गंदगी से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।