नाचना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को लेकर ग्रामीणों के आक्रोश के बाद नाचना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला सुलझा लिया है। ग्रामीणों ने थानाधिकारी समरसिंह को ज्ञापन देकर चोरी की घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाने की मांग की थी। ज्ञापन के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, तो पंचर की दुकान से टायर चोरी होने का मामला सामने आया। पड़ताल में खुलासा हुआ कि यह वारदात किसी गिरोह ने नहीं, बल्कि 8 से 10 वर्ष के नाबालिग बच्चों ने नासमझी में की थी। पुलिस ने बच्चों के पिता को थाने बुलाकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और बच्चों को समझाइश दी। साथ ही पिता को बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने के लिए पाबंद किया। पुलिस की इस तत्परता से ग्रामीणों व व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है।