खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा में खाली प्लॉट के सामने बिजली का खंभा लगाने को लेकर पड़ोसियों ने मिलकर एक बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में बुजुर्ग के सिर, आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने पर तिजारा से अलवर जिला अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां बुजुर्ग का इलाज चल रहा है। सड़क चौड़ीकरण से शुरू हुआ था विवाद घायल बुजुर्ग श्यामलाल शर्मा के पुत्र देवेंद्र शर्मा ने बताया कि अलवर रोड पर उनका एक खाली प्लॉट है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान वहां से पुराना बिजली का पोल हटाया गया था, जिसे नए स्थान पर शिफ्ट किया जाना था। आरोप है कि पड़ोसी हरि नारायण शर्मा पोल को देवेंद्र के प्लॉट के ठीक सामने लगवाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों पर दबाव बना रहे थे। इस पर पीड़ित श्यामलाल शर्मा ने सहायक अभियंता को पत्र सौंपकर पोल को प्लॉट के सामने से हटाने की मांग की थी। शुक्रवार सुबह जब बिजली विभाग के कर्मचारी पोल हटाने मौके पर पहुंचे, तो विवाद गहरा गया। थप्पड़ मारकर गिराया, फिर पत्थरों और लात-घूंसों से किया हमला देवेंद्र का आरोप है कि पोल हटाने की बात सुनते ही हरि नारायण शर्मा के दोनों बेटों ने उनके पिता के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हरि नारायण ने बुजुर्ग को थप्पड़ मार दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। फिर लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप है। सिर व आंख पर गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने अलवर रेफर कर दिया। यहां आईसीयू में इलाज जारी है।