पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत टोंक जिले में चुनावी गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। तीसरे चरण के चुनाव के लिए सोमवार, 19 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 23 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि सरपंचों के लिए 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चरणवार कार्यक्रम के अनुसार, टोंक जिले की आठ पंचायत समितियों में तीसरे और चौथे चरण में चुनाव कराए जाएंगे। तीसरे चरण में पीपलू, पचेवर, मालपुरा (आंशिक), देवली और उनियारा में चुनाव होंगे। वहीं, चौथे चरण में निवाई, टोंक, मालपुरा (आंशिक) और टोडारायसिंह पंचायत समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तीसरे चरण के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को होगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन स्थल अलग-अलग जिला परिषद सदस्यों के नाम निर्देशन पत्र पुराने जिला परिषद कार्यालय के सामने स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में जमा किए जाएंगे। वहीं, पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन के लिए पंचायत समिति वार रिटर्निंग अधिकारी और नामांकन प्राप्ति स्थल निर्धारित किए गए हैं। नामांकन के साथ इन दस्तावेजों की होगी जरूरत निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र भरते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। नाम निर्देशन पत्र प्रारूप-4 क के सभी कॉलम भरना अनिवार्य है। इसी तरह प्रारूप-4 घ में भी कोई कॉलम खाली नहीं छोड़ना होगा। अभ्यर्थियों को 50 रुपए के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र देना होगा। शपथ पत्र के प्रत्येक पृष्ठ पर अभ्यर्थी के हस्ताक्षर होने चाहिए और उसे नोटरी से सत्यापित करवाना जरूरी है। इसके अलावा कार्यशील शौचालय संबंधी घोषणा पत्र, अदेयता प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नामांकन दाखिल करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सके।