टोंक में श्री दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज टोंक में शुक्रवार को भगवान श्री 1008 श्रेयांसनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन हुए। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ लिया। दिनभर धार्मिक कार्यक्रम हुए। सुख-शांति और मंगल की कामना की कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार सुबह भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं भक्तिभावपूर्वक श्री 1008 आदिनाथ भगवान, श्री 1008 शांतिनाथ भगवान एवं श्री 1008 श्रेयांसनाथ भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के गुणों का स्मरण करते हुए सुख-शांति एवं मंगल की कामना की। मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से निर्वाण कांड का वाचन किया। इसके बाद भगवान श्रेयांसनाथ को विधिपूर्वक निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया। निर्वाण लड्डू चढ़ाते समय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति देखने को मिली। मंदिर परिसर भगवान के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। मोक्षमार्ग पर चलने का संकल्प लिया श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए मोक्षमार्ग पर चलने का संकल्प लिया। धार्मिक आयोजन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि तीर्थंकर भगवान के मोक्ष कल्याणक जैसे पर्व हमें आत्मकल्याण, संयम और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। सभी ने भगवान के चरणों में मंगलकामना करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया तथा पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर समाज के पवन कंटान, ओम ककोड़, अंकुर पाटनी, कुणाल, टोनी, सक्षम पासरोटियां, प्रांजल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।