भास्कर न्यूज | झालावाड़ जिला चिकित्सालय में 29 व 30 सितंबर को कंगारू मदर केयर (केएमसी) नर्सेज का दो दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। इसमें नर्सेज को नवजात शिशुओं की देखभाल, केएमसी की सही प्रक्रिया और माताओं एवं परिजनों को इसके महत्व की जानकारी देने के तरीके बताए गए। अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. राधेश्याम मीणा ने कहा कि नवजात शिशुओं की देखभाल और नवजात शिशु मृत्यु दर कम करने में कंगारू मदर केयर महत्वपूर्ण पद्धति है। नर्सेज प्रभारी परमेश्वर ने प्रत्येक पात्र नवजात तक केएमसी की सुविधा पहुंचाने और माताओं-परिजनों को इसके प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान समय पर केएमसी शुरू करने, निरंतर केएमसी, नवजात की देखभाल और परामर्श की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। व्यावहारिक उदाहरणों और चर्चा के माध्यम से नर्सेज के कौशल को भी मजबूत किया गया। प्रशिक्षण अंश एवं डेवलपमेंट कंसोर्टियम की ओर से आयोजित किया गया। राजस्थान प्रशिक्षण प्रमुख डॉ. कुसुम और कार्यक्रम प्रबंधक नरेंद्र जांगिड़ ने प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन दिया। परियोजना समन्वयक आकांक्षा श्रीवास्तव, भार्गवी सहित स्टाफ नर्सेज मौजूद रहीं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अरविंद ने भी केएमसी को नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और मृत्यु दर में कमी के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।