मूंडवा | ऑपरेशन नशा मुक्त अभियान के तहत मूण्डवा थाना पुलिस ने दीप कॉलोनी में पकड़ी गई एमडी (मेफेड्रोन) बनाने की फैक्ट्री के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एमडी सप्लायर गुलाम फरीद उर्फ मोदी (21) निवासी तेली लोहारों का मोहल्ला, नागौर और प्रीतम शर्मा (31) निवासी मूण्डवा को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसपी आशाराम चौधरी के निर्देशन और वृत्ताधिकारी धर्म पूनिया के सुपरविजन में थानाधिकारी देवीलाल विश्नोई की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने 10 अगस्त को दीप कॉलोनी में फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर आरोपी महावीर को गिरफ्तार किया था। मौके से 389.15 ग्राम अवैध एमडी, पिस्टल, कारतूस, 1.80 लाख रुपए नकद, ट्रामाडोल कैप्सूल और 25 लीटर केमिकल सहित एमडी बनाने की सामग्री जब्त की गई थी। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।