उदयपुर में ऑल स्टार्स इन्विटेशन क्रिकेट प्रतियोगिता में एक्सेलेयर क्लब और फील्ड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मुकाबलों में बल्लेबाजों ने भी दम दिखाया। ऑल स्टार्स की ओर से ईशान और फील्ड क्लब के निशांत ने अर्धशतक जमाकर अपनी टीमों के लिए अहम योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों की पारियों ने मुकाबलों को रोमांचक बनाया। शुक्रवार को उदयपुर के फील्ड क्लब मैदान पर ऑल स्टार्स इन्विटेशन क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले मुकाबले में एक्सेलेयर क्लब ने ऑल स्टार्स को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑल स्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में 139 रन बनाए। ऑल स्टार्स की ओर से ईशान प्रताप ने नाबाद 67 रन और सिद्धराज सिंह सोलंकी ने नाबाद 27 रनों का योगदान दिया। एक्सेलेयर क्लब की ओर से कप्तान मनीष जैन ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में एक्सेलेयर क्लब ने निर्धारित लक्ष्य को 15 ओवर में ही प्राप्त कर लिया। कार्तिक नाहर ने नाबाद 51 रन और पंकज कुमार ने आतिशी 33 रनों का योगदान दिया। शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए एक्सेलेयर क्लब के कार्तिक नाहर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फील्ड क्लब ने मेयो कॉलेज को 23 रन से हराया दूसरे मुकाबले में फील्ड क्लब ने मेयो कॉलेज को 23 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फील्ड क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 161 रन बनाए। फील्ड क्लब की ओर से निशांत कच्छावा ने नाबाद अर्धशतक लगाते हुए 51 रन, सुहेल अख्तर ने 34 और भावित जैन ने 23 रनों का योगदान दिया। मेयो कॉलेज की ओर से मुकुल गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट, नमन अग्रवाल और संजय जोशी ने दो-दो विकेट चटकाए। मेयो कॉलेज 19.5 ओवर में 138 रन बनाकर ऑल आउट जवाब में इस कठिन लक्ष्य को मेयो कॉलेज प्राप्त नहीं कर सकी और 19.5 ओवर में 138 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मेयो कॉलेज की ओर से युगराज सिंह और जादौन ने 23-23 रन बनाए। फील्ड क्लब की ओर से निशांत कच्छावा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटके। हरफनमौला खेल के प्रदर्शन के आधार पर फील्ड क्लब के निशांत कच्छावा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।