उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में बचाव करने के लिए एक युवक आया तो 3 युवकों ने उसी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना ग्लास फैक्ट्री स्थित दया रेस्टोरेंट की है। रेस्टोरेंट में मंगलवार शाम करीब 5 बजे बाइक सवार 3 युवक आए और रेस्टोरेंट कर्मचारियों से किसी बात को लेकर झगड़ने लगे। युवकों ने एक कर्मचारी पर चाकू से हमले का प्रयास किया। इसी दौरान बचाव करने के लिए युवक विक्रम सिंह शक्तावत आया। यवकों ने विक्रम सिंह पर चाकू से हमला कर दिया और इस दौकान उसके हथेली में चाकू लगने से वह घायल हो गया। आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें बदमाश चाकू लहराते हुए और झगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। मामले की जांच एसआई महेन्द्र सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही हैं। आरोपी बोला-तू मुझे नहीं जानता, मैं हिस्ट्रीशीटर हूं पीड़ित विक्रम सिंह(43) पिता शंकर सिंह शक्तावत निवासी चित्तौड़गढ़ हाल भूपालपुरा ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें बताया कि 20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे वह दया रेस्टोरेंट पर नाश्ता करने के गया था। नाश्ता कर रहा था तभी खेमपुरा की तरफ से बाइक सवार 3 युवक कुणाल सिंह कच्छावा, राहुल डांगी और प्रवीण कच्छावा आए। आते ही रेस्टोरेंट कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। कर्मचारियों ने युवकों को कहा कि सही से बात करो। तुमने नशा कर रखा है। इतना सुनकर युवक भड़क गए। उनमें से एक युवक बोला कि तू मुझे जानता नहीं है। मैं उदयपुर का हिस्ट्रीशीटर हूं। फिर आरोपी युवक रेस्टोरेंट के कर्मचारी को मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला करने लगा। पीड़ित ने बताया कि वो तुरंत बीच बचाव को गया तो युवक ने हमला कर दिया। विक्रम सिंह ने बताया- हथेली पर चाकू लगने से मैं घायल हो गया। फिर आरोपी युवक ये कहते हुए फरार हो गए कि हम किसी से नहीं डरते हैं।