उदयपुर में गौ मांस की सूचना पर गौ रक्षक दल के लोगों ने एक कंटनेर को रुकवाया। गौ रक्षकों ने कंटेनर में गौ मांस भरे होने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। इस दौरान गौरक्षा दल के सदस्यों की थानाधिकारी दलबीर सिंह से जोरदार बहस हो गई। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने थानाधिकारी पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। मामला सवीना थाना क्षेत्र में डाकन कोटड़ा टोल नाके के पास का है। गौ रक्षकों ने कंटेनर ड्राइवर पर कंटेनर के फर्जी डॉक्यूमेंट की आड़ में गौ मांस की तस्करी का आरोप लगाया। पहले देखिए, 2 PHOTO'S कंटेनर ड्राइवर से मांगे कागजात सवीना थानाधिकारी ने बताया कि कंटेनर ड्राइवर से पूछताछ करते हुए कागजात मांगे तो पता लगा कि एक इंटरनेशनल एक्सपोर्ट कंपनी का बफेलो मीट कंटेनर में भरा हुआ है। हालांकि, गौरक्षा दल की मांग पर हमने एफएसएल और पशु चिकित्सालय की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कंटेनर में भरे मांस के सैम्पल लिए। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत का पता लग पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फर्जी डॉक्यूमेंट की आड़ की हो रही गौ मास की तस्करी: मेनारिया उदयपुर गौरक्षा दल के हार्दिक मेनारिया ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि एक एयर कंडीशन कंटेनर में गौ मांस की सप्लाई की जा रही है। जिसके बाद हमारी टीम तुरंत रवाना हुई और शुक्रवार शाम को डाकन कोटड़ा के यहां कंटेनर को रोका गया। मेनारिया ने बताया कि हमने पुलिस प्रशासन से इसकी फोरेंसिक सहित अन्य जांच की मांग की है। कंटेनर ड्राइवर ने जो डॉक्यूमेंट पुलिस को दिखाए, वो फर्जी है। फर्जी दस्तावेज की आड़ में ही गौ मांस की तस्करी हो रही है। इनपुट: चेतन व्यास, गिर्वा