उदयपुर में टूरिज्म और त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही शहर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पहले मौजूदा यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर आए दिन लग रहे लंबे जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव और बढ़ने की संभावना के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर समय रहते ठोस इंतजाम करने को लेकर होटल एसोसिएशन ने चिंता जताई है। शहर में सूरजपोल से गुलाब बाग, उदियापोल से सूरजपोल-टाउन हॉल होते हुए देहली गेट, उदियापोल से होटल मान होते हुए गुलाब बाग, समोर बाग और दूध तलाई तक यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वहीं ओल्ड सिटी में भी पर्यटकों और स्थानीय वाहनों की आवाजाही बढ़ने से यातायात प्रबंधन चुनौती बनता जा रहा है। विशेष व्यवस्था करने की मांग होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने आइस फैक्ट्री, गुलाब बाग, समोर बाग, दूध तलाई, पिछोला और जल बुर्ज सहित प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में बेहतर साइनेज की आवश्यकता बताई गई है। विश्वस्तरीय टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटर, रोड मैप और आधुनिक दिशा-निर्देश बोर्ड विकसित करने की मांग भी उठाई गई। होटल एसोसिएशन ने पर्यटकों के लिए आने वाली बसों को लेकर भी विशेष व्यवस्था की मांग की गई है। एसोसिएशन के मनीष गलुण्डिया ने टूरिस्ट बसों के लिए विशेष रूट निर्धारित करने का सुझाव दिया, ताकि शहर में आने वाले पर्यटकों को यातायात की परेशानी का सामना न करना पड़े। होटल एसोसिएशन ने दिए सुझाव होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन को पत्र सौंपकर व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। अग्रवाल ने कहा कि रानी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। होटल एसोसिएशन का कहना है कि कई बार अतिक्रमण के कारण सड़क किनारे पार्किंग की जगह तक नहीं मिल पाती, जिससे यातायात पर अतिरिक्त दबाव बनता है। प्रतिनिधिमंडल में होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, मनीष गलुण्डिया, अजय सिंह बोहेड़ा, सुदर्शन देव सिंह कारोही, सचिव विकास पोरवाल और उपाध्यक्ष उषा शर्मा मौजूद रहे।