एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने उदयपुर में 250 बीघा में करीब 200 करोड़ रुपए कीमत के गांजे की फसल को नष्ट किया। ANTF चीफ विकास कुमार और एनसीबी जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी के निर्देशन में ये कार्रवाई हुई। ANTF चीफ विकास कुमार ने बताया कि उदयपुर के मांडवा थाना क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध गांजे की खेती की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ANTF और एनसीबी की टीमों ने इस क्षेत्र में गोपनीय तरीके से निगरानी शुरू की। फिर अवैध खेती के स्थानों को चिह्नित किया। टीम ने 56 खेतों-खसरों में उगाए गए 1 लाख 33075 गांजे के पौधों को नष्ट किया है। इनका अनुमानित वजन 39 क्विंटल 922.5 किलोग्राम है और बाजार मूल्य करीब 200 करोड़ रुपए है। ANTF उदयपुर के अलावा चित्तौडगढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़ और पाली टीमों के ये संयुक्त कार्रवाई थी। गांजे को 3 ट्रैक्टर और 10 मजदूरों की मदद कराया नष्ट कार्रवाई के दौरान पुलिस के करीब 45 जवानों का जाब्ता मौके पर तैनात रहा। अवैध खेती के व्यापक क्षेत्र में फैले होने के कारण नष्टीकरण के लिए तीन ट्रैक्टरों और 10 मजदूरों की सहायता ली गई। राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। जिन्होंने खेती वाले खेतों और संबंधित खसरों का राजस्व रिकॉर्ड देखकर मालिकों का पता लगाने का प्रयास किया। 5 दिन पहले ही पास ही के कोटड़ा थाना क्षेत्र से भी 10 बीघा में अवैध गांजे की फसल नष्ट की थी।