उदयपुर के मेयर पारस सिंघवी ने कहा है कि किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई भी अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएंगे। सेक्टर-4 की मुख्य सड़क पर लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे दो दिन के भीतर हटाया जाएगा। मेयर पारस सिंघवी और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। मेयर पारस सिंघवी ने कहा- प्रदेश के 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के महापौर बने हैं। उदयपुर में पिछले बोर्ड के दौरान किए गए विकास कार्यों के आधार पर ही शहर में भाजपा का सातवीं बार बोर्ड बना है। झील और सड़कों पर रहेगा फोकस : सिंघवी पारस सिंघवी ने भाजपा का सातवीं बार बोर्ड बनाने के लिए शहर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा- मेरी प्राथमिकता झीलों और सड़कों से जुड़े काम हैं। इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। मेरा एजेंडा पहले दिन से ही शुरू हो गया है। जनता को अपने काम के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सभी 80 पार्षदों को साथ लेकर वार्ड स्तर तक विकास कार्य करवाए जाएंगे। पानी की आपूर्ति 48 घंटे में करने पर चर्चा शहर में 72 घंटे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति को लेकर सिंघवी ने कहा- इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। 48 घंटे में पानी उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं। आपूर्ति का समय कम करके दबाव के साथ पानी देने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 48 घंटे में ही जलापूर्ति की जाए इसके लिए जलापूर्ति का समय कम कर सकते हैं। आयड़ नदी को फिर सुंदर बनाने की तैयारी आयड़ नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के सवाल पर सिंघवी ने कहा- विधायक ताराचंद जैन सहित पूर्व जनप्रतिनिधियों ने भी इसके लिए काम किया है। हालांकि इसमें कुछ कमियां रह गई हैं, जिन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा- नदी क्षेत्र में लगाए गए पेड़ उचित समय पर नहीं लगने के कारण अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। अब स्वयंसेवी संस्थाओं से चर्चा कर आयड़ नदी को फिर से सुंदर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे निगम के राजस्व की भी बचत होगी। मुख्यमंत्री के रोड शो पर बोले सिंघवी छोटे नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को लेकर सवाल पर सिंघवी ने कहा- कार्यकर्ता किसी पद पर पहुंच जाता है तो वह अपना नैतिक दायित्व और धर्म नहीं छोड़ता। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी एक कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने हैं। कांग्रेस से बिना शर्त माफी की मांग सिंघवी ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए बीएलओ घर-घर जाकर फार्म ले रहे हैं। ऐसे में बेबुनियाद आरोप लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश के लिए कांग्रेस नेतृत्व को देश और चुनाव आयोग से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। एलिवेटेड रोड के घुमावों की कमियां दूर होंगी सिंघवी ने शहर में बन रही एलिवेटेड रोड के 90 डिग्री के कर्व को लेकर कहा- जहां भी ऐसी तकनीकी समस्या सामने आ रही है, वहां अधिकारियों के साथ बैठकर उसका समाधान कराया जाएगा। शहर जिलाध्यक्ष बोले- कांग्रेस माफी मांगे भारतीय जनता पार्टी उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा है कि कांग्रेस चुनाव हारने पर ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करती है। देश में कई जगह चुनाव में कांग्रेस जीती तब ईवीएम को लेकर सवाल नहीं उठाए। उन्होंने कहा- चुनाव आयोग के हालिया स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस नेतृत्व को देश और संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस का झूठ बेनकाब हो गया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि एसआईआर सहित प्रमुख निर्णय पूर्ण आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। राठौड़ ने कहा कि विपक्ष की ओर से फॉर्म-6 को लेकर भी जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। चुनाव आयोग ने फार्म-6 से जुड़े एसआईआर प्रावधानों को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। ये रहे मौजूद प्रेस वार्ता में उपमहापौर दिनेश भट्ट, महामंत्री देवीलाल सालवी, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, डॉ. पंकज बोराणा, पार्षद अशोक नागदा, प्रकाश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी चंचल अग्रवाल, शहर मीडिया प्रभारी सीमा चम्पावत, कृष्णकांत कुमावत, दुदाराम डांगी, गोविंद दीक्षित पदाधिकारी मौजूद रहे। शहर में हटाए अस्थायी अतिक्रमण महापौर पारस सिंघवी ने सोमवार सुबह अधिकारियों एवं पार्षदों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई, सीवरेज, अतिक्रमण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। टेकरी सेंट्रल एरिया में सीवरेज कार्य जल्द पूरा करने तथा सड़क पर पड़ा अनुपयोगी सामान और पाइप हटाने के निर्देश दिए। उदियापोल बस स्टैंड के पीछे मूत्रालय के पास खड़ा ठेला मौके पर हटवाया और रेलवे ब्रिज के दोनों छोर की झाड़ियां साफ कर रंग-रोगन शुरू करने को कहा। रेलवे स्टेशन के सामने कच्ची बस्ती के पास सड़क किनारे खड़े ठेले भी हटवाए गए और नियमित सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, संबंधित अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।