नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज सबसे पहले नामांकन दाखिल कर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सबको चौका दिया। अपने समर्थकों के साथ भट्ट ने वार्ड 45 से नामांकन भरा। भट्ट ने कहां की आज अच्छा मुहूर्त था इसलिए उन्होंने आज ही नामांकन दाखिल कर दिया। आगे मेयर पद को लेकर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अवसर देगी तो उदयपुर की जनता की सेवा करेंगे। पहले दिन नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या कम है। उदयपुर नगर निगम में दो उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। वहीं भीण्डर और वल्लभनगर नगर पालिकाओं में 2-2 एवं फतहनगर सनवाड़ नगरपालिका में एक उम्मीदवार ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। नगरपालिका मावली और कानोड़ में पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। दोनों प्रमुख दलों की टिकट घोषणा के बाद यहां रेलमपेल बढ़ेगी। नामांकन सुबह साढ़े दस से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने बताया कि जहां नामांकन ले रहे है वहां सीसीटीवी कैमरें लगाए गए है, वीडियोग्राफी की जा रही है। इसके अलावा 100 मीटर की दूरी तक बैरिकेडिंग करवा दिए है और पुलिस जाब्ता लगा रखा है। उदयपुर नगर निगम के सभी वार्डों के नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अलग-अलग कार्यालयों में ही जमा किए जा रहे। वार्डवार पांच केंद्र बनाए गए है जहां पर नामांकन लिए जा रहे है। नगर पालिकाओं के नामांकन उनके क्षेत्रों में ही लिए जा रहे है। इस बार होम वोटिंग की सुविधा नहीं निर्वाचन आयोग ने ​लोकसभा चुनाव बुजुर्ग मतदाताओं को राहत देते हुए होम वोटिंग की सुविधा दी थी लेकिन नगर निकाय चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी व्यवस्था नहीं की है। अब हर वर्ग के मतदाता चाहे बुजुर्ग और बीमार हो, उसे वोट देने के लिए पोलिंग बूथ (मतदान केन्द्र) पर जाना होगा।