उदयपुर की पांचों नगर पालिकाओं में मंगलवार को चुनाव के बाद उपाध्यक्ष चुन लिए गए। फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में कांग्रेस की श्रेया रोनक गर्ग उपाध्यक्ष चुनी गईं। श्रेया को 13 वोट और भाजपा के मुकेश खटीक को 11 वोट मिले। जबकि एक वोट खारिज हो गया। वहीं, उदयपुर की कानोड़ नगरपालिका में कांग्रेस से दिलीप सिंह सोलंकी को उपाध्यक्ष चुना गया। उन्हें 14 वोट मिले। जबकि भाजपा से चेतन मेनारिया को 6 वोट मिले। बता दें कि कानोड़ में कुल 20 सीट है। इसमें से 14 कांग्रेस और 6 बीजेपी की है। पार्षद चपलोत को हाईकोर्ट से राहत बीजेपी से बागी हुए पार्षद राजेश चपलोत ने गिरफ्तारी के बाद हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। इस पर कोर्ट ने आदेश दिया कि उन्हें उपाध्यक्ष पद के चुनाव की वोटिंग के लिए रिलीज किया जाए। चपलोत को वापस जांच अधिकारी के समक्ष पेश होना है। जांच अधिकारी जो भी रिपोर्ट तैयार करेंगे। उन्हें कोर्ट के समक्ष पेश करनी होगी। बता दें कि बीजेपी से नव-निर्वाचित पार्षद और बागी राजेश चपलोत को पुराने एसटी-एसटी केस में एक दिन पहले अध्यक्ष पद की वोटिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उनकी पत्नी ममता चपलोत निर्दलीय अध्यक्ष चुनी गई हैं। उपाध्यक्ष के चुनाव में वोट करने पहुंचे। जो काम अटके, वो कराएंगे: विधायक डांगी उदयपुर की वल्लभनगर नगर पालिका में भाजपा के कमलेश पोखरना उपाध्यक्ष बन गए। इन्हें 16 वोट मिले। जबकि कांग्रेस की ओर से सीमा अग्रवाल को 4 वोट मिले। उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद आतिशबाजी कर खुशी मनाई। वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी मौके पर पहुंचे और जुलूस में शामिल हुए। विधायक ने कहा- यहां के क्षेत्रवासियों ने 80 प्रतिशत वोटिंग कर भाजपा का बोर्ड बनाया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जो भी काम अटके हुए हैं, वो काम हम कराएंगे। विकास के मॉडल पर काम किया जाएगा। मावली में पर्ची निकाले जाने से तय हुआ उपाध्यक्ष मावली में अध्यक्ष की तरह ही कांग्रेस के मोहम्मद असराद उपाध्यक्ष चुने गए। दरअसल, यहां भाजपा के नितेश जाट और कांग्रेस के मोहम्मद असराद को 10-10 वोट मिले। दोनों के वोट बराबर होने पर प्रशासन द्वारा पर्ची से पद ​तय किया गया। इसमें कांग्रेस के मोहम्मद असराद का नाम खुला। जबकि एक दिन पहले अध्यक्ष पद पर भाजपा के राकेश मीणा चुने गए थे। इनपुट: ओम पुरोहित, (मावली-फतहनगर), अभिषेक श्रीमाली, (कानोड़-भींडर)