उदयपुर जिले के वल्लभनगर पंचायत समिति क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्य के लिए कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल किया। वहीं, जिला परिषद सदस्य पद के लिए दूसरे दिन भी कोई नामांकन नहीं आया। अब तक जिला परिषद के लिए नामांकन का खाता नहीं खुला है। कल नामांकन जमा नहीं होंगे, ऐसे में अगले नामांकन दिवस पर उम्मीदवारों की गतिविधियों पर नजर रहेगी। वार्ड नंबर 17 से नारूलाल गाडरी ने भरा पर्चा वल्लभनगर पंचायत समिति वार्ड नंबर 17 से कांग्रेस उम्मीदवार नारु लाल गाडरी ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस जिला महासचिव भगवान लाल अहीर, ब्लॉक संगठन महासचिव डाल चन्द नागदा, ढ़ावा के सत्यनारायण आमेटा, कुन्दन सिंह कच्छेर, गंगाराम गाडरी मौजूद रहे। 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव उदयपुर जिले में प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होनी है। प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में 826 मतदान केंद्र रहेंगे। इनमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ शामिल हैं। इधर, शनिवार को द्वितीय शनिवार की वजह से अवकाश रहेगा ऐसे में नामांकन दाखिल नहीं होंगे और रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने से अब सोमवार से नामांकन दाखिल होंगे।