उदयपुर में प्रतापनगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार किया है। आरोपी फुरकान हुसैन पुत्र शब्बीर हुसैन निवासी जलगांव महाराष्ट्र हाल निवासी उदय विहार कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फुरकान कॉटन मिल के पास पिस्टल लेकर घूम रहा था। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे दबोचा। इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज करते हुए पुलिस हथियार के मुख्य सोर्स की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। इस पर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ा। उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। हथियार से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे। आरोपी से पूछताछ में पता लगाया जा रहा है कि उसने पिस्टल कहां और किससे खरीदी थी। वह किस उपयोग के लिए लाया था।