उदयपुर में तेज रफ्तार एक कंटेनर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कुशाल कीर (27), पत्नी निशा कीर (24) निवासी ढीकली की मौत हो गई। वहीं कुशाल के पिता रंगलाल कीर बुरी तरह घायल हो गए। तीनों स्कूटी पर सवार होकर उदयपुर शहर से डबोक की तरफ अपने पैतृक गांव साकूडा में नवरात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कुशाल स्कूटी चला रहा था प्रताप नगर थाना क्षेत्र के जिंक चौराहे के पास पुलिया पर बुधवार शाम करीब 5 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जर्बदस्त थी कि स्कूटी सवार पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों करीब 15 फीट दूर उछलकर सड़कर पर गिरे। कुशाल और निशा की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। मौके पर भीड़ हुई एकत्र पुलिस ने बताया- स्कूटी सवार महिला सहित तीन लोग उदयपुर शहर से डबोक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में कंटेनर आया और टक्कर मार दी। पति-पत्नी के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कंटेनर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम के हालात बन गए। हादसे के बाद सूचना पर थानाधिकारी अजय सिंह राव जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को हॉस्पिटल को मॉर्च्युरी में रखवाया। वहीं घायल का इलाज जारी है। कुशाल निजी कंपनी में जॉब करता था और पिता खेती करते थे।