उदयपुर में एस्ट्रोलॉजी के नाम पर एक महिला से ज्वेलरी ठगी कर ली। सवीना थाना क्षेत्र में महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार महिला के इंस्टाग्राम पर एस्ट्रोलॉजी सांई कृष्णा के नाम से एक विज्ञापन आया। इसके बाद महिला ने विज्ञापन में बताए नंबर पर संपर्क किया। महिला ने उसे बताया कि उसकी शादी को 6 साल हो गए। उसके एक बच्ची है और लड़का नहीं है। महिला ने लड़के की चाह को लेकर बात की। इसके बाद खुद को एस्ट्रोलॉजिस्ट बताने वाले व्यक्ति ने स्कैनर भेजकर फीस के नाम पर महिला से 9 हजार रुपए ले लिए। फिर महिला को उसके चाह अनुसार समाधान करने का आश्वासन देता रहा और फोन पर बात करता रहा। इतना ही नहीं आरोपी जुलाई महीने में एक दिन उदयपुर आकर महिला से मिला। उस दौरान महिला से दो सोने की चैन और 6 तोले के 2 पैडल सेट ले गया। फिर वही व्यक्ति कुछ बाद वापस महिला से मिला और 7 तोला वजनी सोने के जेवर ले गया। बाद में महिला को ठगी का पता लगा। आरोपी ने महिला को बातचीत गुप्त रखने को कहा मामले की जांच कर रहे थाने के एएसआई मोहन लाल ने बताया- लड़के की चाह को लेकर महिला ने सोशल मीडिया पर आए विज्ञापन के जरिए एस्ट्रोलॉजिस्ट बताने वाले एक व्यक्ति से संपर्क किया था। वह महिला को उसकी बताई इच्छाओं को पूरी कराने का प्रलोभन देता रहा। आरोपी ने दोनों की बातचीत गुप्त रखने की बात कही और घर में किसी को नहीं बताने को कहा था। महिला ने इस संंबंध में कुछ स्क्रीन शॉट और नंबर पुलिस को सौंपे। इसके आधार पर पुलिस आरोपी का पता कर रही है। पुलिस तकनीकी मदद के जरिए आरोपी को तलाश कर रही है।