उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में बाबा बनकर आए बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर सोने-डायमंड के गहने उतरवा लिए। कार में आए बदमाशों ने हाथ में रूद्राक्ष की माला ले रखी थी। उन्होंने महिला को पास बुलाया और उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। फिर बातों में उलझाकर डायमंड और सोने की अंगुठी उतरवाली और गाड़ी लेकर फरार हो गए। कहा-मुझे राखी भेजना घटना आज सुबह 7.30 बजे की है। बदमाश ने हाथ में रूद्राक्ष लेकर कहा कि मैं हरिद्वार से आया हूं। सबको बेटी बनाता हूं, तू मेरी बहन है। मुझे हरिद्वार राखी भेजना। फिर बात ही बातों में विश्वास जीतने की कोशिश की। तभी महिला से गले की सोने की चेन, डायमंड और एक सोने अंगूठी भी खुलवा ली। महिला को उस वक्त कुछ समझ नहीं आ रहा था। तभी आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया। सीसीटीवी में दिखे आरोपी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देते दिख रहा है। सूचना पर सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। बाबा के भेष में आए, बातों में उलझाकर उतरवाए जेवर: बेटा जयंत पीड़िता(75) सुशीला ओझा के बेटे जयंत ओझा ने बताया कि मेरी मां रोज की तरह मॉर्निग वॉक पर गई थी। आलोक स्कूल के बाहर मां को कार सवार व्यक्ति ने रोककर पास बुलाया। ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा व्यक्ति अर्द्धनग्न अवस्था में बाबा के भेष में था। उसने मां से गौशाला के बारे में पूछा। फिर मां को 500 रुपए दिए। मां के सिर पर हाथ रखते हुए आशीर्वाद दिया। फिर खुद की दाढ़ी पर हाथ फैरते हुए मां को बोला-आपको कुछ दिख रहा है। मां ने कुछ दिखने से मना किया। फिर मां को एक रुद्राक्ष दिया। तभी बहला-फुसलाकर मां से गले की चेन खुलवाकर अपने हाथ में ले ली। फिर हाथ की दोनों अंगूठी खुलवा ली। तभी पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने ये सब होते देखा और पूछने का प्रयास किया। तभी वो बदमाश वहां से तुरंत फरार हो गए। बाद में मां ने चेक किया तो उनके पास चेन और दोनों अंगूठियां नहीं थी। एक व्यक्ति के साथ भी किया था ठगी का प्रयास घटना के बाद मौके पर पार्षद जतिन श्रीमाली और आदिनाथ चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष पारस चित्तौड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आज सुबह ही मानबाई मुर्डिया हॉस्पिटल के बाहर भी एक व्यक्ति के साथ इसी तरह ठगी का प्रयास हुआ था लेकिन बदमाश इसमें सफल नहीं हो पाए थे। उन्होंने बुजुर्ग महिला की रैकी करके वारदात को अंजाम दिया।