उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोर लाखों रुपए नगद और चांदी के छत्र सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो दानपात्र का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा मिला। पूजारी ने मंदिर समिति पदाधिकारियों को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। लोहे के औजार से दानपात्र तोड़ता दिखा चोर घटना अलसुबह करीब 3:40 मिनट पर मिनाथ जैन कॉलोनी स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर की है। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश नजर आ रहे हैं जिनमें एक ने सिर पर सफेद कपड़ा लपेटा हुआ है। वह लोहे के औजार से दानपात्र को तोड़ते हुए दिख रहा है। एएसपी उमेश ओझा के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। इधर, घटना के बाद भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ जिनेन्द्र शास्त्री, मंदिर समिति अध्यक्ष शांतिलाल अखावत और सचिव डॉ महावीर प्रसाद सहित अन्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से चोरों को जल्द पकड़कर चोरी किया माल बरामद करने की मांग उठाई। पदाधिकारियों के अनुसार करीब 4 लाख की चोरी का अनुमान है।