उदयपुर में नगर निगम स्वास्थ्य निरीक्षक के घर से 4.25 लाख की चोरी का मामला सामने आया है। परिवार किसी काम से अजमेर गया हुआ था। चोरों ने देर रात सूने घर को निशाना बनाकर करीब 1.25 लाख रुपए कैश और 3 लाख के गहने चोरी कर लिए। घटना शनिवार रात प्रताप नगर थाना क्षेत्र के ढीकली वाड़ा की है। नगर निगम में स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाषचंद्र पुत्र स्वर्गीय जमनलाल शर्मा निवासी नाकोड़ा विहार, ढीकली वाड़ा ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार परिवार शनिवार को किसी काम से अजमेर गया हुआ था। रात में चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रिपोर्ट के अनुसार चोर कमरों के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसे और अलमारियों के ताले तोड़ करीब सवा लाख रुपए नगदी और 3 लाख कीमत के सोना-चांदी की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। पड़ोसियों ने फोन कर दी चोरी की सूचना चोरों ने घर में पलंग के बॉक्स और अलमारियों में से सारे कपड़े बिखेर दिए। सुबह होने पर पड़ोसियों ने घर के दरवाजे टूटे और अंदर सामान बिखरा देख उन्हें मोबाइल पर सूचना दी। इस पर वे अजमेर से लौटे और पुलिस को रिपोर्ट दी। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोडने में गैंती का प्रयोग किया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर जाते समय घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोडकर नीचे गिरा गए। चोरी की सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया। वहीं, एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुटी है।