मानसून की बारिश थमने के साथ ही मौसम ने भी रंग बदला है। एकाएक पिछले दिनों से गर्मी बढ़ी है। सितंबर के आखिरी दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते पांच दिनों में शहर का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। 20 सितंबर को जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 24 सितंबर को यह बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे दिन में गर्मी का असर बढ़ गया है। तापमान में यह बढ़ोतरी सितंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम के बदलते मिजाज को बता रही है। पांच दिन में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हुई है। 21 सितंबर को पारा 33.2 डिग्री, 22 सितंबर को 34 डिग्री और 23 सितंबर को 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद 24 सितंबर को तापमान 37 डिग्री पर पहुंच गया। दिन में गर्मी बढ़ी, रात के तापमान में उतार-चढ़ाव दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी के विपरीत न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 20 सितंबर को न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था, जो 23 सितंबर को घटकर 20.8 डिग्री पर आ गया। हालांकि, 24 सितंबर को यह फिर बढ़कर 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में राहत बनी हुई ऐसे में दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस किया जा रहा है। दिन में तेज धूप और बढ़ते तापमान से गर्मी का असर बढ़ रहा है, जबकि रात में तापमान में बदलाव के कारण अपेक्षाकृत राहत बनी हुई है। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा कहते है कि पिछले दिनों से राजस्थान के अधिकांश भागों मे अचानक से तापमान वृद्धि हुई है जो जलवायु परिवर्तन का संकेत है। देवड़ा बताते है कि लेकसिटी उदयपुर में आने वाले दिनों मे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहने की संभावना है।