उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गांव के करीब 30 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, आग के दौरान गांव में 5 से 6 गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे आग और अधिक भयानक हो गई। इस घटना में ग्रामीणों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। मोरी ब्लॉक से पवाणी गांव की दूरी 40-50 किलोमीटर है। पहाड़ी रास्ते और मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण राहत कार्यों में शुरुआती स्तर पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर गहरा दुख जताया है और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वाहन रवाना कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे की संभावना
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार, 25 नवंबर को प्रभावित गांव का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं और नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।