बूंदी में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बूंदी जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चारू ने गादेगाल पंचायत के कोटखेड़ा गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। साथ ही, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी अदा की। सीईओ चारू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तिलक लगाकर मालाएं पहनाईं। उन्होंने राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार महिला और बाल कल्याण के लिए काम करने पर जोर दिया। इस मौके पर गर्भवती महिलाओं को कपड़े ओढ़ाकर फल भी दिए गए। महिलाओं ने जच्चा-बच्चा के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए मंगल गीत गाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम जारी सीईओ चारू ने बताया कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 25 से 27 सितंबर तक जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम चल रहा है। इस कार्यक्रम में हर आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा सहयोगिनी का सार्वजनिक अभिनंदन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच भी करेगा। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक ऋचा चतुर्वेदी भी मौजूद थीं।