पुरानी आबादी पुलिस ने दो विदेशी हथियार जिगाना पिस्टल बरामदगी मामले में दो सगे भाइयों सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 एमएम कारतूस भी बरामद किया है। इस खुलासे के साथ ही मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े हुए हैं। जांच अधिकारी एसएचओ सुमन परिहार ने बताया कि गजसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 37 बीबी निवासी जसकरण सिंह तथा उसके भाई अशोक सिंह पुत्र तरसेम सिंह मजहबी सिख एवं चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव एक बीबी निवासी करणवीर सिंह पुत्र कुलविन्द्र सिंह मजहबी सिख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 9 एमएम का कारतूस भी बरामद किया है। आरोपियों को अदालत में पेशकर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों के संपर्क लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पुरानी आबादी निवासी फरार विशाल पचार के साथ हैं। ये दोनों जिगाना पिस्टल और कारतूस विशाल ने ही पाकिस्तानी तस्करों के सहयोग से भारत पहुंचाए थे। पुरानी आबादी थाना के सेकंड अधिकारी दरिया सिंह ने टीम के सहयोग से 54 एलएनपी निवासी मोहित शर्मा तथा विश्वदीप सिंह को तुर्की निर्मित दो जिगाना पिस्टल मय मेगजीन के साथ 22 सितंबर को गिरफ्तार किया था। इनको अब गिरफ्तार िकए गए जसकरण सिंह, अशोक सिंह और करणवीर सिंह ने हथियार सप्लाई किए थे। लेकिन इनसे मोहित व विश्वदीप सीधे संपर्क में नहीं थे और न ही कॉल तथा सोशल मीडिया संपर्क था। विशाल पचार इनसे खुद कोआर्डिनेट कर रहा था। वह अपनी टीम को स्लीपर सेल की तरह इस्तेमाल करता है। इसमें टीम ए को बी के बारे में और आगे की टीमों को ए व बी के बारे में कोई जानकारी नहीं होती। इस मामले में विश्वदीप और मोहित को सप्लाई देने आए तीनों में जसकरण सिंह को विश्वदीप पहले से जानता था। इसलिए दोनों ने एक दूसरे को पहचान लिया। पुलिस पूछताछ में विश्वदीप ने जसकरण सिंह के बारे में बताया। जसकरण से अशोक सिंह और करणवीर सिंह का पता लगा गिरफ्तार किए गए। समेजा कोठी थाना एरिया में बॉर्डर के गांव के पास पर मिली थी सप्लाई: एएसपी दीपक शर्मा ने बताया कि विशाल पचार हथियार सप्लाई के लिए अपनी टीम सदस्यों से खुद कोआर्डिनेट कर रहा था। उसने ये हथियार समेजा कोठी थाना एरिया में अंतररारष्ट्रीय बॉर्डर से ड्रोन ड्रॉपिंग करवाए थे। जसकरण सिंह सीधे विशाल पचार के संपर्क में था। विशाल ने उसे फोन करके हथियार लेकर आने को भेजा। जसकरण सिंह अपने भाई अशोक सिंह को साथ लेकर ये हथियार एक अज्ञात सप्लायर से लेकर आया। उस सप्लायर और जसकरण से विशाल ही कोआर्डिनेट कर रहा था। हथियार लेने के बाद जसकरण और अशोक अपने चचेरे भाई के साले एक बीबी निवासी करणवीर को साथ लेकर गंगानगर में मोहित शर्मा और विश्वदीप को सप्लाई देकर गए थे।