टेस्ट क्रिकेट में 'फैब-4' का हिस्सा रहे न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अगली पीढ़ी के 'फैब-5' टेस्ट बल्लेबाजों के नाम बताए हैं। 2014 में महान क्रिकेटर मार्टिन क्रो ने विलियमसन, विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट को 'फैब-4' की संज्ञा दी थी, जो आगे चलकर सच साबित हुई। अब विलियमसन ने भविष्य के उन पांच खिलाड़ियों को चुना है जो टेस्ट क्रिकेट में बड़ी छाप छोड़ सकते हैं।
विलियमसन की नई लिस्ट में ये 5 खिलाड़ी शामिल
आईसीसी रिव्यू के एक पॉडकास्ट में नासिर हुसैन से बातचीत के दौरान विलियमसन ने अगली पीढ़ी के बल्लेबाजों के नाम लिए। उनकी इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों को प्रमुखता मिली है। विलियमसन द्वारा चुने गए 'फैब-5' खिलाड़ी ये हैं:
- शुभमन गिल (भारत)
- यशस्वी जायसवाल (भारत)
- हैरी ब्रुक (इंग्लैंड)
- कैमरन ग्रीन (ऑस्ट्रेलिया)
- रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड)
विलियमसन ने इन नामों को चुनते हुए मजाक में कहा कि अगर वह वही नाम नहीं लेते, तो लोग उन्हें 'धोखेबाज' कह सकते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रचिन रवींद्र के लिए चुनौती यह है कि न्यूजीलैंड की टीम भविष्य में कितने टेस्ट मैच खेलती है, क्योंकि टेस्ट खेलने के पर्याप्त अवसर मिलना किसी भी बल्लेबाज की सफलता के लिए जरूरी है।
'फैब-4' का अनुभव और व्यक्तिगत दबाव
अपने दौर के 'फैब-4' (विलियमसन, कोहली, स्मिथ और रूट) के बारे में बात करते हुए पूर्व कीवी कप्तान ने कहा कि उन्होंने कभी भी इस टैग को बोझ की तरह महसूस नहीं किया। उन्होंने कहा, 'मैंने बाकी तीनों खिलाड़ियों की हमेशा तारीफ की है। मैंने जो रूट के साथ यॉर्कशायर के लिए क्रिकेट खेला है और अन्य के खिलाफ लंबे समय तक मुकाबला किया है। हम चारों की शैली बिल्कुल अलग थी।'
विलियमसन का मानना है कि अलग-अलग दौर और परिस्थितियों में खेलने वाले खिलाड़ियों की तुलना करना हमेशा मुश्किल होता है। उनके लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हमेशा टीम की जीत और अपने खेल में निरंतर सुधार करना रहा है। गौरतलब है कि विलियमसन और विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि स्टीव स्मिथ और जो रूट अभी भी इस प्रारूप में सक्रिय हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।