स्विट्जरलैंड के जेनेवा में मंगलवार से शुरू हो रही वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के पहले मुकाबले के लिए मोहरों का रंग तय हो गया है। उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव पहले गेम में सफेद मोहरों (White Pieces) के साथ शुरुआत करेंगे। रविवार को पैलेस ऑफ नेशंस में आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश ने पारंपरिक स्विस पद्धति से घड़ियों का चुनाव किया, जिसमें उन्होंने डार्क चॉकलेट नाइट वाली घड़ी चुनी, जिसके चलते उन्हें पहले गेम में काले मोहरों से शुरुआत करनी होगी।

14 गेम की होगी खिताबी जंग

भारतीय समयानुसार यह मुकाबला मंगलवार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। कुल 14 गेम की इस चैंपियनशिप का आयोजन लेक जेनेवा के किनारे स्थित फोंडेशन मार्टिन बोडमर में किया जा रहा है। टूर्नामेंट के नियम के अनुसार, पहले तीन गेम के बाद शुक्रवार को पहला रेस्ट डे होगा।

गुकेश बनाम सिंदारोव: फॉर्म और आंकड़े

इस चैंपियनशिप में जावोखिर सिंदारोव बेहद मजबूत दावेदार के रूप में उतर रहे हैं। सिंदारोव इस समय शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने 2025 का वर्ल्ड कप जीतने के बाद कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर यहां तक का सफर तय किया है। FIDE की नवंबर रैंकिंग में सिंदारोव विश्व नंबर-4 पर हैं और गुकेश से 72 रेटिंग पॉइंट्स आगे हैं। 2026 के शुरुआती चार बड़े टूर्नामेंट्स में उनका औसत प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है।

वहीं, दूसरी ओर 18 साल की उम्र में सबसे युवा क्लासिकल वर्ल्ड चैंपियन बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले डी गुकेश के लिए यह एक बड़ी परीक्षा है। 2024 में खिताब जीतने के बाद गुकेश की रैंकिंग गिरकर 26वें स्थान पर आ गई है। गुकेश ने अपनी चुनौती को लेकर स्पष्ट कहा, 'मैं खिताब बचाने नहीं, बल्कि इसे फिर से जीतने आया हूं।' उनके सामने अपनी पुरानी लय हासिल करने और वर्ल्ड चैंपियन के दबाव से उबरने की चुनौती होगी।

शतरंज जगत की निगाहें

हाल ही में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन से जुड़े विवादों के बाद, पूरी दुनिया की नजरें अब जेनेवा में होने वाले इस मुकाबले पर टिकी हैं। जहां सिंदारोव अपनी वर्तमान फॉर्म और रेटिंग के दम पर बढ़त बनाने की कोशिश करेंगे, वहीं गुकेश के पास वर्ल्ड चैंपियनशिप के दबाव को झेलने का अनुभव है।