फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने आज जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 1550 पैकेट डेयरी प्रोडेक्ट, 100 किलोग्राम दूसरे फूड प्रोडेक्ट और 7 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडेक्ट मौके पर नष्ट करवाए। अधिकारियों के अनुसार इस डार्क स्टोर से रोजाना करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती है। 100 किलो ‘नॉट फॉर सेल’ टैग वाली सामग्री नष्ट करवाई फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के कमिश्नर अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि रामनगरिया विस्तार, ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस पर आज हमारी टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान कोल्ड रूम, डीप फ्रीजर में डेयरी प्रोडेक्ट के सेफली स्टोरेज के लिए निर्धारित टेम्प्रेचर मानकों के अनुरूप नहीं मिला। सामान्य तौर पर सेफली स्टोरेज के लिए 5 से 0 या माइनस टेम्प्रेचर होना चाहिए। वहां रखे फ्रीज में टेम्प्रेचर 6 से 14 डिग्री सेल्सियस तक मिला। इस स्थिति को देखते हुए सरस और अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए। इसके अलावा वेयरहाउस में करीब 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री बिना ‘नॉट फॉर सेल’ टैग के रखी मिली। जिसे भी मौके पर ही नष्ट करवाया। देखिए कार्रवाई के PHOTS… 7 किलो एक्सपायरी डेट का फूड प्रोडेक्ट मिला स्टोर में बिक्री के लिए रखा 7 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडेक्ट भी मिले, जिसमें मूसली, कैंडी और भुजिया शामिल थे। सभी को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा स्टोर के डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला, जर्दा थूकने के निशान भी मिले, जिसे तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। विजिट के दौरान टीम ने स्टोर मैनेजर की मौजूदगी में पिंटोला पीनट बटर और हनी के सैंपल लिए, जिसे जांच के लिए सेंट्रल लैब पहुंचाया है। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में 12 मिठाई शॉप पर फूड डिपार्टमेंट का छापा:खराब तेल में पका रहे थे कचौरी; एक जगह मिला 150 किलो बदबूदार घेवर जयपुर में फूड सेफ्टी टीमों ने कान्हा स्वीट्स, रावत मिष्ठान भंडार, सोढाणी स्वीट्स, बीएमबी सहित 12 बड़ी मिठाई की दुकानों पर शुक्रवार को छापा मारा। टीमों ने इन दुकानों से घेवर, बर्फी, मावा, समोसा, मिल्क केक के सैंपल लिए। (पूरी खबर पढ़ें)