राज्यावास | समीपवर्ती रेलमगरा से मरीज को आरके अस्पताल छोड़ने जा रही 108 एंबुलेंस गुरुवार को राज्यावास गड़ाई तालाब के पास तकनीकी समस्या के चलते अचानक खराब हो गई। एंबुलेंस चालक ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया, जो करीब 35 मिनट बाद पहुंची। दूसरी एंबुलेंस आने के बाद मरीज को उसमें शिफ्ट कर आरके अस्पताल के लिए रवाना किया गया। गनीमत रही कि मरीज की हालत गंभीर नहीं थी, जिससे समय पर उपचार मिलने में देरी के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि आपातकालीन सेवा की एंबुलेंस बीच रास्ते में खराब होना चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की कि 108 एंबुलेंस की नियमित जांच और समय पर रखरखाव कराया जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को परेशानी न हो।