भरतपुर राजस्थान लोक सेवा आयोग की उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2021 की पुनः परीक्षा 20 सितंबर को भरतपुर के 58 केंद्रों पर होगी। पेपर लीक के बाद रद्द हुई पिछली परीक्षा को देखते हुए इस बार सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भरतपुर-डीग के अलावा धौलपुर और करौली सहित विभिन्न जिलों से 17,147 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। सुबह 10 से 12 बजे तक हिंदी और दोपहर 3 से 5 बजे तक जीके एवं सामान्य अध्ययन का पेपर होगा। केंद्रों पर एचएचएमडी से जांच, वीडियोग्राफी और बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। हर केंद्र पर दो वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। थंब इंप्रेशन और फेस रिकग्निशन से पहचान होगी। मेटा ग्लास, ब्लूटूथ सहित अन्य हाईटेक उपकरणों पर भी निगरानी रहेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रश्न पत्र स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गए हैं जिनकी 24 घंटे निगरानी की जा रही है।