जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (एडीजे) दिनेश कुमार जलुथरिया ने शनिवार को सोहेला स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह निराश्रित गृह का निरीक्षण कर वहां आश्रितों की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्यालयीन रिकॉर्ड की जांच की गई। गृह में कुल 25 आश्रितों का पंजीयन दर्ज मिला, जबकि निरीक्षण के समय 18 आश्रित उपस्थित थे। न्यायाधीश ने आश्रितों से बातचीत कर उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी और उनकी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान रसोईघर में भोजन की व्यवस्था देखी गई। इसके अलावा शयनकक्ष, स्नानघर और शौचालयों का जायजा लेकर साफ-सफाई की स्थिति जांची गई। कार्यालय के रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। जलुथरिया ने केयरटेकर गिरिराज गौतम को आश्रितों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने तथा उन्हें पोषक आहार उपलब्ध कराने के संबंध में जरुरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक एलएडीएसी बुद्धराम चौधरी मौजूद रहे।