निवाई रीको औद्योगिक क्षेत्र में डीएसटी और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में स्टॉक व वितरण में गड़बड़ी मिलने पर देर रात तक 19 गोदाम सीज किए गए। कृषि विभाग ने मंगलवार को संबंधित डीलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गोदाम संचालकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) रामलाल जाट ने बताया कि मामले की जांच जारी है। डीलर्स का कहना है कि गोदामों में रखा कुछ स्टॉक कंपनी का है, जो सेकेंडरी सेल पॉइंट के रूप में रखा गया था। कंपनी की बिलिंग नहीं होने या डीलर को अलॉटमेंट नहीं होने पर कंपनी का माल सेल पॉइंट पर रखा जा सकता है। विभाग ने पुष्टि के लिए जयपुर से कंपनी के सेकेंडरी सेल पॉइंट की सूची मंगवाई है। गोदामों में मिले स्टॉक का सूची व रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है। जवाब के बाद भौतिक स्टॉक का मिलान कर अंतिम कार्रवाई होगी। संतोषजनक जवाब मिलने पर गोदाम बहाल किए जा सकते हैं।