भाड़ौती | रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर में 14 सितंबर से शुरू होने वाले लक्खी मेले से पहले क्षेत्र में पदयात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। श्रद्धालु दूर-दराज से आस्था के ध्वज लेकर पैदल रणथंभौर पहुंच रहे हैं। मार्ग में कई स्थानों पर भोजन, पानी, नाश्ता और चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं। इसी क्रम में भाड़ौती में त्रिनेत्र गणपति रणथंभौर सेवा मंडल की ओर से पांच दिवसीय निशुल्क भंडारे की शुरुआत बुधवार को हुई। यह भंडारा 9 से 13 सितंबर तक चलेगा। उद्घाटन प्रशासक दीनदयाल मीणा और सामाजिक कार्यकर्ता राजू जैन ने पूजा-अर्चना और आरती के बाद किया। सेवा मंडल के अनुसार यह आयोजन 2006 से लगातार किया जा रहा है और इस वर्ष 21वां निशुल्क भंडारा है। भंडारे में त्रिनेत्र गणेश मंदिर के साथ डिग्गी और इंदरगढ़ की ओर जाने वाले पदयात्रियों के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था रहेगी। सुबह चाय और पकौड़ी दी जाएगी। दोपहर में पूरी-सब्जी और मिठाई परोसी जाएगी। आयोजन से जुड़े बबलू गर्ग ने बताया कि पदयात्रियों के लिए आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा मंडल ने स्थानीय लोगों और गणेश भक्तों से सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की।