जालोर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को कांग्रेस नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। पिछले दिनों पाकिस्तान को लेकर दिए गए उनके बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की और जमकर नारेबाजी की। मदन राठौड़ के पोस्टर पर भी कालिख पोत दी गई। इस दौरान पुलिस ने नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत समेत 10 लोगों को डिटेन कर लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाने के बाहर जमा हो गए और डिटेन किए गए नेताओं को रिहा करने की मांग की। पुलिस ने करीब 2 घंटे बाद नगर परिषद सभापति समेत 6 लोगों को छोड़ दिया, जबकि पूर्व पार्षद लक्ष्मणसिंह सांखला, पार्षद सुरेश मेघवाल, पार्षद भंवरलाल मेघवाल और अशोक मेघवाल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। चुनावी बैठक के लिए जालोर पहुंचे थे मदन राठौड़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार को पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर जालोर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रेनाइट एसोसिएशन भवन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और संगठन के नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने संगठन की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया। बैठक में जालोर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा बरकरार रखने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके बाद राठौड़ रात करीब 8.30 बजे भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा के पोलजी नगर स्थित निवास पर पहुंचे। उनके पहुंचने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने राठौड़ के बयान को लेकर विरोध जताया और काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए डीएसपी गौतम जैन और कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर भाटी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सभापति, उपसभापति और कांग्रेस जिला प्रवक्ता समेत 8 लोगों को डिटेन कर लिया। इसके बाद मदन राठौड़ को मेन रोड के बजाय रतनपुर रोड से पाली रवाना किया गया। कोतवाली थाने के बाहर जुटे कांग्रेसी कांग्रेस नेताओं को डिटेन किए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाने के बाहर पहुंच गए। उन्होंने सभापति और अन्य नेताओं को रिहा करने की मांग की। घटना के बाद शहर में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। सभापति समेत 6 लोगों को 2 घंटे में छोड़ा, 4 गिरफ्तार कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर लाल भाटी ने बताया- जालोर नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, पार्षद बसंत सुथार, जालमसिंह, दिलीप सुंदेशा को छोड़ दिया गया है। जबकि पूर्व पार्षद लक्ष्मणसिंह सांखला, पार्षद सुरेश मेघवाल, पार्षद भंवरलाल मेघवाल और अशोक मेघवाल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले- देशभक्ति मेरे खून में है जालोर ग्रेनाइट एसोसिएशन के भवन में मदन राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में पाकिस्तान को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा- कांग्रेस ने मेरी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। मेरी टिप्पणी खेल और खेल भावना को लेकर थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उसका अलग अर्थ निकालकर विवाद खड़ा कर दिया। राठौड़ ने कहा- मैं भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं और देशभक्ति मेरे खून में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरा ऐसा कोई बयान नहीं था, जिसका अर्थ देश के खिलाफ बोलना निकाला जाए। राठौड़ ने कहा था- पाक-अमेरिका भिड़ंत में हम पाकिस्तान के साथ मदन राठौड़ ने प्रदेश भाजपा ऑफिस में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर सेमिनार में कहा था- अगर भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए। उस समय जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं है। हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका-पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है। पूरी खबर पढे़ं ये खबर भी पढ़िए मदन राठौड़ के बयान पर जूली बोले-यही भाजपा का असली-चेहरा:केंद्र बताए बीजेपी पाकिस्तान के साथ है या खिलाफ; कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले जलाए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। विरोध में उतरी कांग्रेस मदन राठौड़ के इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर-सीकर समेत प्रदेशभर में प्रदर्शन किया और मदन राठौड़ का पुतला फूंका। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- यह भाजपा का असली चेहरा है, जो बातों-बातों में सामने आ गया है। (पूरी खबर पढ़ें)