शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी रविवार को 23 वें प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। साकरोदा स्थित ताकाजी बावजी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाज की करीब 250 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। 24 श्रेणी पालीवाल समाज सेवा समिति के तत्वावधान में यह कार्यक्रम पालीवाल फाउंडेशन, मावली के सौजन्य से आयोजित हो रहा है। वर्ष 2026 में विभिन्न कक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा खेलकूद गतिविधियों में बेहतर काम करने वाले छात्र-छात्राओं को इस मंच से प्रोत्साहन दिया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। समारोह के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक लाने वाले विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया जाएगा। विज्ञान वर्ग में उंखलियो का खेड़ा निवासी जय पालीवाल ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, वहीं जनावद की नेहा पालीवाल ने 95.20 प्रतिशत और भूमिका पालीवाल ने 89.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा में सालोर की खुशी पालीवाल ने 95.83 प्रतिशत, थामला के निलेश पालीवाल ने 95.17 प्रतिशत तथा निधि पालीवाल ने 93.33 प्रतिशत अंक अर्जित किए। 12वीं कला वर्ग में उंखलियो का खेड़ा की पूजा पालीवाल ने 93.40 प्रतिशत, जावद की अंजलि पालीवाल ने 93.20 प्रतिशत और ओडन की हर्षिता पालीवाल ने 92.60 प्रतिशत अंक लाकर बेहतर प्रदर्शन किया है।