ब्यावर| रास पुलिस ने अंबुजा सीमेंट लिमिटेड राबड़ियावास में तांबे की केबल चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बाल-किशोर को संरक्षण में लिया। पुलिस ने 55 मीटर चोरी की तांबे की केबल बरामद की। वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी, मोटरसाइकिल जब्त की। अंबुजा सीमेंट लिमिटेड राबड़ियावास के ओएसडी अजीत सिंह ने थाना रास में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार 28 सितंबर को बी.सी.एफ.सी. प्रोजेक्ट के कंप्रेसर रूम, ब्लो केट रूम से चोर करीब 224 मीटर कंट्रोल केबल काटकर ले गए। अनुमानित कीमत 8 लाख 50 हजार रुपए बताई गई। थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में बनी टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज देखे। तकनीकी मदद ली। मुखबिरों से सूचना जुटाई। इसके बाद पुलिस ने चेतन चावला निवासी खटीकों का बास बलुंदा को पकड़ा। उससे पिकअप गाड़ी आरजे 22 जीबी 8226 जब्त की। पुलिस ने मुकेश निवासी मुंडावा रोड बलाड़ा से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की। पुलिस ने महेंद्र निवासी चौकीदारों की ढाणी टूकड़ा थाना रास को भी गिरफ्तार किया। एक विधि से संघर्षरत किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश के खिलाफ पहले थाना रास में मारपीट, अनधिकृत प्रवेश का मामला दर्ज है। आरोपी चेतन चावला के खिलाफ थाना सोजत सिटी में दहेज, प्रताड़ना का मामला विचाराधीन है।