टोंक | अवैध बजरी खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बरोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सीमेंट पोल-पाइप फैक्ट्री में करीब 450 टन बजरी का स्टॉक सीज किया है। रात में पहाड़ी गांव के पास अवैध बजरी परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए गए। थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि 7 अक्टूबर को वृत्ताधिकारी पीपलू विनोद कुमार की मौजूदगी में बरथल तिराहे के पास स्थित एसएम सीमेंट प्रोडक्ट्स फैक्ट्री की जांच की गई। परिसर में तीन स्थानों पर करीब 450 टन बजरी मिली। संचालक मौके पर बजरी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। खनन विभाग के प्रतिनिधि ने स्टॉक को प्रथम दृष्टया अवैध मानते हुए सीज किया और 7 दिन में दस्तावेज पेश करने का नोटिस दिया। इसी रात टीम ने पहाड़ी गांव के पास दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरी सहित जब्त किए। चालक मौके से फरार हो गए। दोनों मामलों में एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।