संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में होने वाले अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जिले से 53 महिला किसानों का जत्था रवाना हुआ है। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने दिल्ली रवाना किया। यह दल 30 सितंबर को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में सहभागिता करेगा। भारतीय किसान संघ के संभाग अध्यक्ष मोडाराम, जिला अध्यक्ष जोधाराम और उपाध्यक्ष नैनाराम ने बताया कि पाली से दिल्ली गए इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से वे प्रगतिशील महिलाएं शामिल हैं, जो ग्रामीण अंचलों में जैविक कृषि, प्राकृतिक खेती और गौ-आधारित कृषि को बढ़ावा देकर धरती की सेहत सुधारने का अनुकरणीय कार्य कर रही हैं। यह दल राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान के सफल अनुभव साझा करेगा। प्रतिनिधिमंडल में सकुदेवी, पार्वती, पुष्पा कंवर, मुलीदेवी, सरला बेन, चंदा बेन, मंजू देवी और खुशी मोटड़ा सहित क्षेत्र की कई अग्रणी महिला किसान शामिल हैं। कृषि नीतियों में भागीदारी को लेकर उठेगी मांग भाकिसं के जिला मंत्री रामचंद्र और वरिष्ठ कार्यकर्ता विनती भाई ने बताया कि खेती-किसानी और पशुपालन में महिलाओं की भागीदारी 60 से 80 प्रतिशत तक है, लेकिन कृषि नीतियां बनाते समय उन्हें वह पहचान और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाता। दिल्ली का यह महाकुंभ महिला किसानों को समाज में सशक्त किसान के रूप में स्थापित करने और नीति निर्धारण में उनकी सक्रिय भूमिका तय करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।