बाली उपखण्ड मुख्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जपाईगो संस्थान ने गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। इसमें बाली और सुमेरपुर ब्लॉक की 56 एएनएम शामिल हुईं। सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य एएनएम को एएनसी सेवाएं प्रभावी ढंग से देने, गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, जोखिम की पहचान और आवश्यक परामर्श के लिए व्यावहारिक कौशल विकसित कराना रहा। एडिशनल सीएमएचओ डॉ जीतकुमार गुर्जर ने बताया कि जपाईगो के प्रतिनिधियों ने तकनीकी विषयों पर हाथों-हाथ अभ्यास कराया। डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदान्त गर्ग के मुताबिक नर्सिंग प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता कराई गई और उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। विभाग ने कहा कि लक्ष्य मातृ-शिशु सेवाओं की गुणवत्ता सुधारकर हर गर्भवती तक समयबद्ध सेवाएं पहुंचाना है।