क्षेत्र के ग्राम रायपुर में बाजरे की फसल की कटाई के दौरान खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। अजगर नजर आने पर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग कार्मिक देवेंद्र सिंह व रामजीत सैनी ने बताया कि ग्राम रायपुर में परमा गुर्जर के खेत में अजगर दिखाई देने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ा और जंगल में छोड़ दिया। इन दिनों खेतों में बाजरे की फसल की कटाई चल रही है। ऐसे में वन विभाग ने ग्रामीणों को खेतों में काम करते समय सतर्क रहने और किसी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतें बारिश के दिनों में जंगली जीव बाहर आ जाते हैं।