भास्कर न्यूज | झालावाड़ सिद्धि गढ़ गणपति सेवा समिति की ओर से 18वां गजानन महोत्सव 12 से 25 सितंबर तक श्रद्धा, भक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया जाएगा। इस बार गढ़ गणेश परिसर में 7 फीट की मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समिति का कहना है कि पर्यावरण हितैषी प्रतिमा के जरिए जलस्रोतों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत 12 सितंबर सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गढ़ गणेश महाराज के दुग्धाभिषेक से होगी, जो 13 सितंबर सुबह 8 बजे तक चलेगा। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर गणपति स्थापना होगी। इसके बाद 15 सितंबर को 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता, 16 को 2100 दीपकों की महाआरती, 17 को फैन्सी ड्रेस और 18 को रैपिड फायर गणेश क्विज प्रतियोगिता होगी। 19 सितंबर को ईको गणेश बनाओ प्रतियोगिता और 20 को महाप्रसादी होगी। 21 सितंबर को तेजादशमी, 22 को जल झूलनी एकादशी और 23 सितंबर को 3333 दीपकों की भव्य महाआरती होगी। 24 सितंबर को बप्पा भाग्योत्सव लक्की ड्रॉ और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर विशेष आयोजन होंगे। समिति के अनुसार पूरे गढ़ परिसर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया जाएगा। आयोजन में सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। समिति ने आमजन से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लेने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।